आसनसोल

नहाने गया युवक देखते ही देखते दामोदर नदी में समाया

नेहरू पार्क मदनडीही घाट पर मचा अफरा तफरी

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : हीरापुर थाना क्षेत्र के नेहरू पार्क के पीछे मदनडीही घाट पर गुरुवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नहाने गया एक 18 वर्षीय युवक अचानक दामोदर नदी के गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते सब कुछ खत्म हो गया। घाट पर मौजूद लोग सिर्फ देखते रह गए। युवक की पहचान राहुल हांसदा (18), पिता कानू हांसदा, निवासी ग्राम केराडीही, थाना हीरापुर के रूप में हुई है। कैसे हुआ हादसा : बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 4.50 बजे राहुल नेहरू पार्क के पीछे स्थित मदनडीही घाट पर दामोदर नदी में नहाने के लिए पहुंचा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था। वह नदी में नहा रहा था, लेकिन अचानक वह गहरे पानी की ओर चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पल में ही वह पानी में डूबने लगा। घाट पर उसके दोस्त ने शोर मचाया और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा और गहराई के आगे किसी की नहीं चली। कुछ ही क्षणों में राहुल पानी में ओझल हो गया।

घाट पर मची अफरा-तफरी : घटना के बाद पूरे घाट पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर दौड़ने लगे। किसी ने परिवार को खबर दी तो किसी ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। खबर मिलते ही राहुल के परिजन दौड़ते हुए घाट पर पहुंचे।

रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही हीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को सूचना दी। रेस्क्यू टीम नदी में डूबे युवक की तलाश कर रही है। गोताखोरों द्वारा नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक युवक नहीं मिला है। परिजन घाट पर ही बैठकर अपने बेटे के मिलने की आस लगाए हुए हैं। हर बीतते पल के साथ उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है।

SCROLL FOR NEXT