आसनसोल

पिटाई से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, मचा हंगामा

तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के वार्ड 42 शुभंकर पाड़ा में हो रहे विवाद को सुलझाने गये एक युवक की कथित पिटाई से मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इलाके के तीन लोग जितेन मोदी, बाबू मोदी और अर्जुन मोदी नामक युवकों ने अभिषेक ठाकुर के साथ बेरहमी से मारपीट की थी और इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। अभिषेक की मौत के बाद उसके परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। उनका साफ कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि साजिश कर इस घटना को अंजाम दिया गया है।

क्या है घटना

परिजनों ने कहा कि बीते शनिवार को शराब के नशे में झगड़ा कर रहे कुछ लोगों को वह छुड़ाने गये जहां अभिषेक को पीटा गया, जिसके बाद अभिषेक को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई एवं उसके शव को शनिवार को लाया गया। उनका साफ कहना है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने अभियुक्त जितेन मोदी, बाबू मोदी और अर्जुन मोदी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल तीनों घर छोड़कर गायब हैं।


SCROLL FOR NEXT