विजय, सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर : महाराष्ट्र के मालेगांव में गत दिनों एक 3 वर्षीय बच्ची संग हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के लोगों में भी काफी गुस्सा व्याप्त हो गया है। इस घटना के विरोध में युवाओं के एक समूह ने शुक्रवार की शाम को खड़गपुर के मलिंचा रोड इलाके में कैंडल मार्च निकाला। इस कैंडल मार्च में रोहण दास, राहुल दास, मुकेश ओझा, अभिजीत कुमार, पिंटू कुमार पासवान, सूरज राव, शुभ मजूमदार, रोहित साहू, मिलन राव समेत काफी लोग शामिल हुए और वी वांट जस्टिस के नारे लगाते हुए दुष्कर्मी अभियुक्त को कड़ी सजा देने की मांग उठायी। कैंडल मार्च में शामिल सभी युवा मलिंचा में स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के सामने पहुंचे और वहां पर मृत मासूम की तस्वीर के सामने मोमबत्ती प्रज्वलित श्रद्धांजलि भी अर्पित किया। इस कैंडल मार्च में शामिल युवाओं ने आरोप लगाया कि इन दिनों देश के विभिन्न जगहों पर मासूम बच्चियों और महिलाओं सग अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही है। जिस पर रोकथाम लगाने के लिए केंद्र और राज्य की सरकार गंभीरता पूर्वक विचार और काम नहीं कर रही है। महाराष्ट्र के मालेगांव में मात्र 3 वर्षीय मासूम संग हुयी दरिंदगी की इस घटना ने देश के सभी लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वह लोग इस अपराध में शामिल अभियुक्त को फांसी की सजा देने की मांग उठा रहे हैं। मालूम हो कुछ दिनों पहले मध्यप्रदेश के रायसेन में भी एक 6 वर्षीय बालिका संग दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसे लेकर समाज के सभी लोगों में काफी नाराजगी व्याप्त हो गयी है।