मुर्शिदाबाद : मंगलवार रात सालार थाने की पुलिस और सेंट्रल फोर्स के जवानों ने मिलकर छापेमारी कर एक युवक को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम बिकाई शेख है। उसका घर सालार थाने के शेखपाड़ा में है। गिरफ्तार किए गए शख्स को 10 दिनों की पुलिस कस्टडी के लिए बुधवार को कांदी अनुमंडल कोर्ट में पेश किया गया। जज ने उसे पांच दिनों की पुलिस कस्टडी का आदेश दिया। सालार थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक के पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और एक राउंड गोली जब्त की गई है। युवक को पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया गया है। सालार थाने की पुलिस ने बताया कि सूत्रों से जानकारी मिली थी कि शेखपाड़ा के रहने वाले इस युवक ने अपने घर में हथियार जमा कर रखे हैं। खबर के मुताबिक, मंगलवार रात सालार थाने की पुलिस और सेंट्रल फोर्स के जवानों ने मिलकर युवक के घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान एक कमरे में रखी अलमारी से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और एक राउंड गोली जब्त की गई।