अंडाल : ईसीएल के CMD सतीश झा के तत्वावधान में युवा अधिकारियों से जुड़ाव को बढ़ाने तथा उन्हें मार्गदर्शन करने के लिए GENNEXT CONNECT कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। ईसीएल के झांझरा क्षेत्र अंतर्गत पारिजात क्लब में GENNEXT CONNECT का आयोजन किया गया। सीएमजी सतीश झा, डीएचआर गुंजन कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सतीश झा ने कहा कि आज के युवा अधिकारियों पर कल कंपनी को आगे ले जाने की जिम्मेवारी रहेगी। युवा अधिकारियों में ऊर्जा की कमी नहीं है, बस जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन की। माइनिंग इंडस्ट्री ऐसी इंडस्ट्री है जहां विविध डिसिप्लिन मिलता है। इतनी विविधता दूसरे इंडस्ट्रीज में देखने को नहीं मिलता। इस इंडस्ट्री में काम कर युवा विभिन्न क्षेत्रों में खुद को एक्सपर्टीज कर सकते हैं। युवा अधिकारियों की क्षमता को निखारने के लिए ईसीएल में GENNEXT CONNECT कार्यक्रम की शुरआत की गई। पारिजात क्लब में आयोजित कार्यक्रम में झांझरा और पांडवेश्वर क्षेत्र के ई4 एवं उससे नीचे रैंक के अधिकारियों संग सीएमडी ,डीएचआर ने माइनिंग इंडस्ट्री से संबंधित अनुभवों को साझा करते हुए माइनिंग इंडस्ट्री में कैरियर को कैसे आगे बढ़ाएं इसे लेकर विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मदन मोहन कुमार, झांझरा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रबीर कुमार मंडल, पांडवेश्वर क्षेत्र के महाप्रबंधक अमिताभ भट्टाचार्य, झांझरा एवं पांडवेश्वर क्षेत्र के विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।
पूरे ईसीएल में GENNEXT CONNECT का होगा आयोजन
सीएमडी सतीश झा ने सन्मार्ग से कहा कि माइनिंग इंडस्ट्री में उज्जवल भविष्य के साथ-साथ कार्यक्षेत्र में चुनौतियां भी है। कंपनी में करीब 50 फीसदी अधिकारी युवा है। युवा टीम किसी भी कंपनी के लिए वरदान होता है, लेकिन इस इंडस्ट्री की विविधताओं को अनेकों युवा अधिकारी सामना नहीं कर पाते। कंपनी हित में अनुभवों एवं मार्गदर्शन से युवा अधिकारियों की क्षमता को निखारने, उच्च अधिकारियों और युवा अधिकारियों के बीच दूरी को पाटने समेत विभिन्न उद्देश्यों को लेकर GENNEXT CONNECT एंगेजिंग, एम्पावरमेंट एंड इनेबलिंग टूमॉरोज लीडर्स कार्यक्रम की शुरुआत झांझरा से की गई। पूरे ईसीएल में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।