इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश प्रशासन के खिलाफ कई विवादित तस्वीरें और बयान फैलाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले की जांच में जुटी उत्तर प्रदेश पुलिस सूत्रों के आधार पर दुर्गापुर पहुंची और सिटी सेंटर के रहने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं गिरफ्तार युवक का नाम मनोज सिंह बताया गया है। रविवार को सिटी सेंटर इलाके से उसे पकड़ा गया। अभियुक्त को अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद यूपी पुलिस की अर्जी पर अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मनोज सिंह कुछ समय पहले उत्तर प्रदेश में जाकर रहा था। उस दौरान उसके खिलाफ कई शिकायतें सामने आई थीं। सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने और धमकी देने का भी आरोप है। इसके अलावा डरा-धमकाकर पैसे वसूलने की घटना भी उसके खिलाफ दर्ज है। बाद में वह उत्तर प्रदेश से दुर्गापुर लौट आया। इसके बाद भी वह व्हाट्सऐप और ईमेल के जरिए योगी प्रशासन को निशाना बनाकर आपत्तिजनक और विवादित बयान फैला रहा था। उस राज्य में मनोज के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायत मिलने के बाद ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई गई। पता चला कि अभियुक्त मनोज सभी संदेश पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से ही पोस्ट करता है। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस दुर्गापुर पहुंची और सिटी सेंटर इलाके में अभियान चलाकर मनोज को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें लेने का भी आरोप है। रविवार को ही गिरफ्तार युवक को महकमा अदालत में पेश किया गया। उत्तर प्रदेश ले जाकर आगे की जांच के लिए अदालत से दो दिन के ट्रांजिट रिमांड का आवेदन किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस सूत्रों के अनुसार उस राज्य में ले जाकर गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जाएगी।