आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से यात्री साथी ऐप के माध्यम से एंबुलेंस सेवा को लेकर आसनसोल जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि यात्री साथी ऐप के बारे में एंबुलेंस ड्राइवरों को और जनता को बताया गया कि किस तरह लोग इस ऐप के सहारे बहुत जल्द और किफायती मूल्य पर अपने मरीज को अस्पताल पहुंचा सकते हैं। मौके पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी ट्रैफिक (हेड क्वार्टर) सौरभ चौधरी ने कहा कि यात्री साथी ऐप के जरिए अगर कोई एंबुलेंस की बुकिंग करता है तो बहुत जल्द उसके पास एंबुलेंस की सेवा पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षित है, कारण हर एंबुलेंस ड्राइवर की जानकारी पुलिस के पास रहती है। आगे कहा कि एंबुलेंस ड्राइवर से कोई कमीशन नहीं लिया जाता है। अभी तक यह पूरी तरह से नि:शुल्क था लेकिन 1 फरवरी से 15 रुपये करके काटे जाएंगे, वह भी एंबुलेंस के मालिक के खाते से काटे जाएंगे। वाहन ड्राइवर के खाते से कोई रुपये नहीं लिया जाएगा। आसनसोल साउथ ट्रैफिक के ओसी संजय कुमार मंडल ने कहा कि अगर एंबुलेंस ड्राइवरों के खिलाफ शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर शिकायत आती है तो ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी और उसे इस परियोजना से हटा दिया जाएगा। इस मौके पर टीआई राणा अंबिका दत्ता, आसनसोल जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर निखिल चंद्र दास, मधुसूदन रॉय सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।