सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : यदुवंशी कल्याण समिति की रामबांध स्थित कार्यालय में गवर्निंग बॉडी और संरक्षण कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार रात को किया गया। बैठक की शुरुआत में पिछले कार्यकाल के कार्यों और हाल ही में मनाए गए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के आय-व्यय का पूरा हिसाब प्रस्तुत किया गया। संरक्षण कमेटी और गवर्निंग बॉडी के सदस्यों द्वारा हिसाब की गहन जांच और समीक्षा के बाद उसे संतोषजनक पाए जाने पर मंजूरी दी गई। इसके बाद सर्वसम्मति से गवर्निंग बॉडी और संरक्षण कमेटी के कार्यकाल को अगले 2 वर्षों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया। नियमानुसार पुरानी कार्यकारिणी समिति को भंग कर नई समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। इसको लेकर कई घंटों तक विचार-विमर्श चला। अंत में उपस्थित सदस्यों के बहुमत के आधार पर अगले कार्यकाल के लिए नेतृत्व पर फिर से भरोसा जताया गया। अभिषेक यादव को सचिव और बिरजू यादव को अध्यक्ष के पद पर पुनः चुना गया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर बधाई दी और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में समाज नई ऊंचाइयों को छुएगा और सामाजिक एकता और मजबूत होगी। बैठक में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग उपस्थित थे।