सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : FSNL, बर्नपुर के श्रमिकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए BMS बर्नपुर ने बड़ा कदम उठाया है। BMS के यूनियन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 150 से अधिक श्रमिकों ने भाग लिया। बैठक में श्रमिकों ने नौकरी की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और वेतन से जुड़ी लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। श्रमिकों ने बताया कि लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई समाधान नहीं हुआ है, जिससे उनमें असुरक्षा और आक्रोश है। BMS प्रतिनिधियों ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगों को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। संगठन ने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों के समाधान के लिए शीघ्र पहल की जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा। BMS नेताओं ने कहा कि नौकरी की सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और उचित वेतन सिर्फ मांग नहीं, बल्कि श्रमिकों के जीवन और भविष्य से जुड़े अधिकार हैं। संगठन हर परिस्थिति में श्रमिकों के साथ खड़ा रहेगा और श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा और अधिकार सर्वोपरि है और संगठन समाधान तक संघर्ष जारी रखेगा। बैठक में BIKS(बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ) के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह, BTMS (बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ) के अध्यक्ष महेश बनर्जी, महासचिव संजीत प्रसाद, राहुल घटक, राजेन पाल, राजकुमार हरि, मोहम्मद सलीम सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।