आसनसोल : आसनसोल के कालीपहाड़ी बागबंदी स्थित एक फैक्ट्री में करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया। मृतक का नाम मन्ना साव (38) है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद सुरक्षा मानकों और कंपनी प्रबंधन की भूमिका पर कई सवाल खड़े हो गए हैं एवं स्थानीय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री के सामने शव रखकर पीड़ित परिवार को तुरंत पर्याप्त आर्थिक मुआवजा की मांग एवं श्रमिकों की सुरक्षा की मांग की है।
क्या है घटना
लोगों का कहना है कि सोमवार को बारिश के दौरान स्टील फर्नीचर सेक्शन में काम करते समय मन्ना साव और एक अन्य मजदूर बिजली के तारों की चपेट में आ गए। करंट लगने से मन्ना साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घटना के बाद मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फैक्ट्री परिसर में काफी समय से बिजली के खुले तार बिखरे पड़े थे। इस खतरनाक स्थिति से कई बार प्रबंधन को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। साथ ही कंपनी ESI तथा PF जैसी कानूनी सुविधाएं नहीं देती है और तय समय से अधिक काम लेकर कम मजदूरी देती है।