बाराबनी : बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों से व्यापक संख्या में अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं पाने वाली महिलाओं ने मोर्चा खोलते हुए बाराबनी बीडीओ कार्यालय पर धावा बोला। महिलाओं का कहना था कि जब अन्नपूर्णा योजना का लाभ सभी महिलाओं को नहीं देना था तो चुनाव पूर्व घोषणा क्यों की गई। महिलाओं को गुमराह क्यों किया गया ? जामग्राम ब्लॉक से आयी काकुली कुंडू सिन्हा ने कहा कि बीडीओ ने कहा था कि फार्म जमा करने के बाद फार्म की जांच की जाएगी। इसके बाद लाभार्थियों के खाते में पैसा चला जाएगा। इसकी जानकारी लेने और बीडीओ शिलादित्य भट्टाचार्य से मिलने के लिए महिलाएं कार्यालय पहुंची थीं। सुबह 10 बजे से व्यापक संख्या में महिलाएं जब बीडीओ कार्यालय पहुंचीं तो कार्यालय के बाहरी मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया। महिलाओं ने कहा कि उनके इलाके में कुछ महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना का लाभ आया है। वहीं दो सप्ताह इंतजार करने के बाद महिलाएं जानकारी लेने पहुंची थीं कि उनके एकाउंट में राशि क्यों नहीं आयी। महिलाओं ने कहा कि काठ की हांड़ी आग पर एक बार ही चढ़ती है, दोबारा नहीं। अगर महिलाओं को दिए गए आश्वासन के तहत अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं मिलता है तो आगे राज्य सरकार के खिलाफ महिलाएं वृहद आंदोलन करने पर मजबूर होंगी।
क्या कहना है बीडीओ का
बाराबनी के बीडीओ शिलादित्य भट्टाचार्य ने कहा कि ऑनलाइन फार्म जमा करने वाली महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना का लाभ मिलना प्रारंभ हो गया है जबकि ऑफलाइन फार्म भरकर जमा देने वाली महिलाओं का फार्म की जांच नहीं हो सकी है, जिस कारण विलंब हो रहा है। उन्होंने कहा कि बाराबनी क्षेत्र की आईसीडीएस कर्मियों को फार्म जांच करने का दायित्व सौंपा जाएगा। जांच प्रक्रिया पूरी होते ही महिलाओं को उनके बैंक खाते में अन्नपूर्णा योजना का लाभ पहुंचने लगेगा।