रानीगंज : रेल प्रबंधन द्वारा रानीगंज के बर्न्स प्लॉट इलाके में रहने वाले लोगों को जमीन खाली करने का नोटिस जारी करने का मामला सामने आया है। रेल प्रबंधन इन दिनों रेलवे के अधीन आने वाली जमीनों पर अपना कब्जा लेने के लिए नोटिस जारी कर रहा है। इनमें बर्न्स प्लॉट की जमीन पर भी अपना मालिकाना हक रेल प्रबंधन जता रहा है। हालांकि बर्न्स प्लॉट इलाके में कई दशकों से लोग रह रहे हैं और अचानक रेल प्रबंधन अपना मालिकाना हक इस पर जता रहा है तथा उन्हें घर खाली करने का नोटिस भी दे रही है। हालांकि यहां के रहने वाले एक श्रेणी के लोग कोलकाता हाईकोर्ट में मामला भी कर चुके हैं जो अदालत में विचाराधीन है। इसी बीच, रानीगंज शहर बीजेपी मंडल की ओर से एक प्रतिनिधि दल ने रानीगंज के स्टेशन मैनेजर धर्मेन्द्र कुमार के साथ मुलाकात की। इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व बीजेपी मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह कर रहे थे। इसके अलावा पूर्व अध्यक्ष देवजीत खां, पंचायत समिति के सदस्य बादशाह चटर्जी, राजा भौमिक समेत अन्य स्थानीय नेता प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे। शमशेर सिंह ने कहा कि स्टेशन मैनेजर को बीजेपी की ओर से एक ज्ञापन दिया गया है। शमशेर सिंह ने कहा कि बर्न्स प्लॉट में काफी लंबे समय से लोग रह रहे हैं परन्तु रेलवे प्रबंधन ने किसी भी तरह के निर्माण कार्य पर पाबंदी लगा दी है। अचानक इस तरह रेलवे प्रबंधन के रवैये से बर्न्स प्लॉट के लोग काफी परेशान हैं। बिना वैकल्पिक इंतजाम के लोग कहां जाएंगे ? पंचायत समिति के सदस्य बादशाह चटर्जी ने कहा कि रेलवे प्रबंधन अगर कोई भी मानवीय कदम उठाता है तो बीजेपी शहर मंडल का इसका विरोध करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि किन लोगों के इशारे पर यह नोटिस जारी किया गया है, इसे भी समझने की आवश्यकता है। हालांकि स्टेशन मैनेजर धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि इस तरह के किसी भी नोटिस की जानकारी उन्हें नहीं है। भाजपा द्वारा दिए गए ज्ञापन को रेलवे के उच्च पदस्थ अधिकारियों को फॉरवर्ड कर दिया जाएगी। आगे का जो भी निर्णय होगा, यहीं से तय किया जाएगा।