दुर्गापुर : दुर्गापुर में खेल प्रेमियों को हरसंभव बढ़ावा दिया जाएगा। महिला एवं पुरुष क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए नि:शुल्क ट्रेनिंग कैंप के आयोजन हेतु सीएबी से सिफारिश करेंगे। उक्त बातें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने दुर्गापुर में कहीं। दुर्गापुर सिटी सेंटर स्थित भगत सिंह स्टेडियम में स्पोर्ट्स कार्निवल के समापन पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान सौरभ गांगुली के साथ सेल्फी एवं ऑटोग्राफ लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ हुई। वहीं पूरे स्टेडियम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दुर्गापुर क्लब समन्वय की ओर से स्पोर्ट्स कार्निवाल का आयोजन किया गया था। इस दौरान 136 इवेंट में दर्जनों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस मौके पर सौरभ गांगुली ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र के खिलाड़ी कड़ी मेहनत से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। वहीं हार्ड वर्क करने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल सकते हैं। इससे पहले वर्ष 2016 में सौरव गांगुली दुर्गापुर आए थे। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय खेल फुटबॉल को बढ़ावा दिया जा रहा है। दुर्गापुर में क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए सीएबी की ओर से नि:शुल्क प्रशिक्षण कैंप लगाया जाएगा। इसके अलावा सीएबी द्वारा क्रिकेट के लिए जरूरी सभी इंफ्रास्ट्रक्चर मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर में स्पोर्ट्स कार्निवल का आयोजन सराहनीय है। इस दौरान सौरभ गांगुली ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। वहीं सौरभ गांगुली को अपने बीच पाने वाले खिलाड़ी काफी उत्साहित दिखे। इस दौरान मंत्री प्रदीप मजूमदार, विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, एसबीएसटीसी के चेयरमैन सुभाष मंडल, दुर्गापुर क्लब समन्वय के अध्यक्ष संदीप दे, पंकज राय सरकार समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद थे।