सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के आह्वान पर आज फ्लाईओवर गेट के पास मीटिंग का आयोजन किया गया। संघ ने प्रबंधन के खिलाफ 11 सूत्री मांग पत्र जारी किया है। प्रमुख मांगों में नए श्रम संहिता के अनुसार वेतन लागू करना, बकाया भुगतान, हर ठेका श्रमिक को नियुक्ति पत्र-वेतन पर्ची और 7 तारीख तक बैंक में वेतन, 26 दिन कार्य प्रणाली, ओवरटाइम कानूनन भुगतान, 40 साल से अधिक उम्र के श्रमिकों की मुफ्त PME जांच, अच्छी PPE किट व सुरक्षा प्रशिक्षण, PF-ESI की सुविधा, अवैध वेतन कटौती बंद करना, बर्नपुर अस्पताल और टाउनशिप की स्थिति सुधारना, लीव डिस्परिटी खत्म करना, यूनियन से बिना वार्ता कोई सर्कुलर जारी न करना और इंसेंटिव रिवाइज्ड करना शामिल है। संघ ने सभी स्थायी व ठेका श्रमिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। मांगें नहीं माने जाने पर 18 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की गई है। इस मौके पर संजीत प्रसाद, संजीत बनर्जी, महेश बनर्जी, अजय सिंह, श्रीकांत साह, संतोष झा सहित काफी संख्या में बीएमएस के पदाधिकारी एवं काफी संख्या में ठेका कर्मी मौजूद थे।