दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम के 14 नंबर वार्ड के ओल्ड कोर्ट मोड़ इलाके में एक बहुमंजिली इमारत के निर्माण के दौरान विशाल कुएं की खुदाई ने स्थानीय लोगों को भारी जल संकट में डाल दिया है। निर्माण संस्था के खिलाफ स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर भारी हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध कुएं की खुदाई के बाद इलाके के सरकारी कुओं और ट्यूबवेल से पानी निकलना बंद हो गया है। इलाके में भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या गंभीर हो गई है।
निर्माण कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन
निर्माण कंपनी के खिलाफ स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इलाके की रहने वाली रूमा डे ने बताया कि बचपन से अब तक कभी इतना बड़ा कुआं नहीं देखा गया। यह किसकी अनुमति से खुदा, हमें कुछ नहीं बताया गया। अगर पानी की आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो लगातार आंदोलन किया जाएगा। वहीं जरूरत पड़ी तो नगर निगम के अधिकारी को आना होगा।
भाजपा एवं तृणमूल में आरोप-प्रत्यारोप
भाजपा के जिला सह-अध्यक्ष चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने भी सवाल उठाया कि इतनी बड़ी खुदाई किसकी अनुमति से हुई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर जल आपूर्ति बहाल करे। इलाके में अवैध कुएं की खुदाई को लेकर आंदोलन किया जाएगा। शिकायत के आधार पर मामले की जांच होनी चाहिए।
निर्माण कंपनी ने कहा
निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शशिभूषण राय ने स्वीकार किया कि नगर निगम से कोई अनुमति नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम से बात कर कुएं को बंद करने को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा चल रही है। वहीं कुएं की खुदाई से स्थानीय लोगों को पानी की समस्या हो रही है। इस कारण स्थानीय लोग निर्माण कंपनी के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे फरीदपुर फांड़ी के पुलिस अधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि नगर निगम से अनुमति नहीं ली गई है। इस कारण कुएं की खुदाई को बंद करना पड़ेगा। वहीं नगर निगम प्रशासक बोर्ड की सदस्य राखी तिवारी ने स्पष्ट कहा कि कुएं के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। ऐसे में जल संकट की स्थिति में लोगों का विरोध करना स्वाभाविक है। निगम इस मामले में सख्त कदम उठायेगा। इसके लिए निर्माण कंपनी के अधिकारियों को तलब किया जाएगा। नगर निगम की प्रशासक एवं जल विभाग को घटना की जानकारी दी गई है।