आसनसोल

रंगदारी वसूलने के आरोप में ग्रामीणों ने भाजपा नेताओं को बांधा

बर्दवान में मचा हड़कंप

Gopal Kumar Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

​बर्दवान : बालू से भरे ट्रैक्टर को रोककर लाखों रुपये मांगने के आरोप में बालू कारोबारियों और आक्रोशित ग्रामीणों ने एक भाजपा नेता समेत चार लोगों को रस्सी से बांध दिया। इस घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। मामला पूर्व बर्दवान के जमालपुर थाना क्षेत्र के चौबेरिया और पांचरा इलाके का है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद तीखी टिप्पणियां और आलोचनाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि अन्य इलाकों में यह कब शुरू होगा? सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। ​वीडियो में दिख रहा है कि भाजपा के जमालपुर 1 नंबर मंडल के महासचिव बसंत पांजा समेत कुल चार लोगों को रस्सी से बांधकर रखा गया है। आरोप है कि बीती रात जमालपुर विधानसभा के भाजपा 1 नंबर मंडल के महासचिव बसंत पांजा के नेतृत्व में कई लोगों ने बालू से भरे ट्रक और वैध बालू स्टॉक प्वाइंट से लाखों रुपये की मांग की। इस पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को रोककर उनके हाथों में रस्सी बांधकर खड़ा कर दिया। बाद में जमालपुर थाना पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। ​बालू कारोबारियों और पट्टेदारों का दावा है कि स्वीकृत बालू स्टॉक प्वाइंट से वैध चालान के साथ ट्रैक्टरों से बालू का कारोबार चल रहा है। लेकिन इसके बावजूद कुछ भाजपा नेता गैरकानूनी तरीके से जबरन ट्रैक्टरों को रोककर पैसों की मांग कर रहे हैं। इसे शर्मनाक घटना बताते हुए जमालपुर 1 नंबर मंडल के अध्यक्ष प्रधान चंद्र पाल ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि बसंत पांजा कुछ कार्यकर्ताओं को लेकर रंगदारी मांगने गया था, जहां लोगों ने उन्हें रस्सी से बांध दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार के कार्यों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। साथी भाजपा को बदनाम करने वाले लोगों पर कार्रवाई होगी।

SCROLL FOR NEXT