आसनसोल

लीकेज पाइप के पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं ग्रामीण

अंडाल थाना रोड व सांकरा बाउरी पाड़ा में गहराया जल संकट

अंडाल : विकास के तमाम दावों और 'उन्नयनेर पांचाली' (विकास की गाथा) के बीच अंडाल इलाके की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। अंडाल थाना रोड और सांकरा गांव के बाउरी पाड़ा में भीषण जल संकट ने सैकड़ों परिवारों का जीवन नारकीय बना दिया है। स्थिति इतनी भयावह है कि लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए सड़क किनारे से गुजर रही पीएचई (PHE) की पाइप लाइन में गड्ढा खोदकर उससे रिसने वाले लीकेज के पानी को इकट्ठा करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नलों में पानी आना अब सपना हो गया है। भीषण गर्मी और जल स्तर के नीचे जाने के कारण उन्हें मजबूरन यह अस्वस्थ तरीका अपनाना पड़ रहा है। ग्रामीण पाइप के पास गड्ढा करते हैं और घंटों इंतजार के बाद जब लीकेज से पानी जमा होता है, तो उसे छानकर पीने और घरेलू कार्यों में उपयोग करते हैं।

क्या गड्ढे का पानी पीना ही तृणमूल का विकास है ?

जल संकट की खबर मिलते ही भाजपा नेता रखालचंद्र दास ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी व्यथा सुनी। उन्होंने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "इस क्षेत्र में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक और विधायक से लेकर सांसद तक, हर जगह तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधि काबिज हैं। तृणमूल के नेता गली-गली घूमकर विकास का प्रचार कर रहे हैं, लेकिन क्या इंसान का गड्ढे का पानी पीना ही तृणमूल कांग्रेस का विकास है ?" उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी यह पीड़ा व्यर्थ नहीं जाएगी। भाजपा नेता ने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही प्राथमिकता के आधार पर इस क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान किया जाएगा।

आरोप-प्रत्यारोप

इस दौरान मौजूद भाजपा नेता डॉ. बिजन मुखर्जी ने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लीकेज और गड्ढे के अस्वस्थकर पानी का उपयोग बेहद खतरनाक है। इससे लोग हैजा, डायरिया और टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत और प्रशासन आमजन को शुद्ध पानी मुहैया नहीं करा सकता, तो इससे बड़ी लज्जा की बात और कुछ नहीं हो सकती। वहीं तृणमूल कांग्रेस नेता सह जिला परिषद् उपाध्यक्ष विष्णुदेव नोनियां ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि वहां के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं तो आश्वस्त करते हैं कि जल्द से जल्द इसका समाधान किया जायेगा। रही बात भाजपा की तो भाजपा के पास दुष्प्रचार के सिवा और कोई मुद्दा नहीं है।

SCROLL FOR NEXT