सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : रेलवे परिसरों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से आसनसोल मंडल, पूर्व रेलवे के चिकित्सा विभाग द्वारा 19 नवंबर 2026 को विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर चिकित्सा एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण डॉ. रजनी सिन्हा, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण), आसनसोल के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान वेणुगोपाल राव गन्ने, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, आसनसोल तथा अजय शंकर दुबे, वरिष्ठ जिला विस्तार शिक्षक भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. रजनी सिन्हा ने आवधिक चिकित्सा परीक्षण पंजिका एवं प्राथमिक उपचार पेटी की जांच की। इस दौरान चिकित्सा संबंधी अभिलेखों के रखरखाव तथा प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक दवाओं एवं सामग्री की उपलब्धता का जायजा लिया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में यात्रियों एवं रेलकर्मियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारियों का आकलन करना था।
इसके अलावा, निरीक्षण दल ने विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर स्थित खाद्य स्टॉलों का भी निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रखरखाव एवं स्वच्छता की स्थिति की जांच की। खाद्य विक्रेताओं एवं खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कर्मचारियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण तथा रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। इस दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ तरीके से तैयार करने एवं परोसने तथा यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। आसनसोल मंडल का चिकित्सा विभाग रेलवे परिसरों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।