आसनसोल : राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर हर क्षेत्र से तृणमूल का दबदबा भाजपा की ओर से समाप्त करने का अभियान प्रारंभ हो चुका है। शुक्रवार को आसनसोल धादका पॉलिटेक्निक कॉलेज गेट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से जमकर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कॉलेज के भीतर तृणमूल छात्र परिषद कार्यालय में जाकर कब्जा जमा लिया गया। एबीवीपी के जिला संयोजक विकास ठाकुर ने कहा कि पॉलिटेक्निक कॉलेज को अय्यासी का अड्डा बना दिया गया है। कॉलेज में नियमित सफाई आदि नहीं की जाती है। शिक्षक समयानुसार कॉलेज नहीं पहुंचते हैं। शौचालय काफी गंदा है। छात्राओं को शौचालय जाने में समस्या होती है कारण शौचालय का दरवाजा टूटा हुआ है। उन्होंने कहा कि तृणमूल छात्र परिषद कार्यालय में देश के तिरंगे का अपमान किया गया है। राष्ट्रीय ध्वज को मोड़कर नीचे डस्टबिन में फेंक दिया गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर के सामने गुटखा, खैनी, गांजा और शराब की बोतले रखी हुई हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि यहां तृणमूल छात्र परिषद कार्यालय शराबियों व अय्यासी का अड्डा बन चुका है। छात्रा खुशी कुमारी ने कहा कि पंखें खराब पड़े हुए हैं जिनकी मरम्मत नहीं करवायी जा रही है। छत टूट-टूट कर नीचे गिर रही है, लेकिन शिकायत के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं की जा रही है। इस कारण कक्षा में भय के साये में बैठकर अध्ययन करने के लिए विद्यार्थी मजबूर हैं। छात्रा पायल बाउरी ने कहा कि पीने का पानी व महिला शौचालय की व्यवस्था ठीक नहीं होने से छात्राओं को समस्या होती है। छात्र यूनियन के सदस्य कुछ नहीं करते हैं। कार्यालय में बैठकर नशा सेवन करना और चले जाना उनका नित्य का काम है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने स्पष्ट कहा कि यहां शिक्षक सही समय पर नहीं आते हैं। यहां की धांधली बंद करने, कॉलेज का विकास करने तथा विद्यार्थियों को सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए एबीवीपी तैयार है। यहां तृणमूल छात्र परिषद को घुसने नहीं दिया जाएगा।