आसनसोल

इलाके में लगे नाम बोर्ड को बदलने को लेकर हुआ बवाल

मामला पहुंचा थाना

बर्नपुर : भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रहमत नगर चासा पट्टी इलाके में कुछ जगहों के नाम बदलने के विरोध में आवाज उठाने से सनसनी फैल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हीरापुर थाना तक पहुंच गया, जहां दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। इस मौके पर भाजपा के महासचिव रूबी गुप्ता, संजय वर्मा, श्याम गोयल, नीरज सिंह, जीतेन ठाकुर सहित कई अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।

क्या है पूरा मामला?

चासा पट्टी के स्थानीय निवासियों और भाजपा किसान मोर्चा का आरोप है कि कुछ भूमाफियाओं ने टीपू सुल्तान मोड़ से शनिचरा स्थान तक की जमीन की प्लॉटिंग की है। आरोप है कि उन्होंने इस इलाके का नाम बदलकर कहीं 'जमाल कॉलोनी' तो कहीं 'एमडी बदरूदीन कॉलोनी' रख दिया है। शनिवार दोपहर जब भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी इस मामले का निरीक्षण करने पहुंचे, तो वहां विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेताओं ने इन अवैध बोर्डों को हटाकर वहां 'चासा पट्टी फेज-1, 2 और 3' के बोर्ड लगाने की बात कही, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आसनसोल साउथ मंडल-2 के किसान मोर्चा अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद उन्होंने इस मामले की सूचना जिलाधिकारी, आसनसोल नगर निगम और आसनसोल दक्षिण की विधायिका अग्निमित्रा पॉल को दे दी है।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

इस विवाद के बाद हीरापुर थाने में दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में जमाल कॉलोनी और एमडी बदरूदीन कॉलोनी के लोगों ने भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष कन्हैया कुमार, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की जिलाध्यक्ष नाजनीन सबिहा और श्याम गोयल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं भाजपा की ओर से चासा पट्टी के अख्तर हुसैन, शमीम खान सहित करीब 25 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।


SCROLL FOR NEXT