सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : कांग्रेस नेता प्रसेंजीत पुइतांडी द्वारा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर पर लात मारने और अश्लील व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने मोर्चा खोल दिया है। BJYM आसनसोल सांगठनिक जिला के अध्यक्ष अभिक कुमार मंडल के नेतृत्व में आज आसनसोल दक्षिण थाना सहित जिले के विभिन्न थानों में कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आसनसोल दक्षिण, आसनसोल उत्तर, हीरापुर , कुल्टी, जामुड़िया, बराकर, सहित कई थानों में शिकायत दर्ज कराई है। मौके पर जिलाध्यक्ष अभिक कुमार मंडल ने कहा कि सनातन धर्म के संत का इस तरह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रसेनजीत पुइतांडी ने जानबूझकर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया है। हमने सभी थानों में FIR दर्ज कराकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक अभियुक्त।की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक युवा मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। वहीं इस मामले को लेकर आसनसोल में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के महासचिव सोनू यादव, उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी , दिवाकर शर्मा, सचिव संजय चौधरी, शिवम भगत सहित काफी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद थे।