प्रदर्शन करते मिनि मार्केट -2 के दुकानदार 
आसनसोल

निगम कमिश्नर के दौरे के बाद मिनी मार्केट-2 में हंगामा

दुकानदारों ने नगर निगम एवं ISP के खिलाफ किया हल्लाबोल

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम द्वारा ‘क्लीन आसनसोल, ग्रीन आसनसोल’ अभियान के तहत शहर भर में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह वार्ड नंबर 79 के मिनी मार्केट-2 में नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा अपनी टीम के साथ पहुंचे।कमिश्नर ने खुद इलाके में घूम-घूमकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बाजार परिसर में कचरा न फैलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी दुकानदार कचरा फैलाते हुए पाया गया या गंदगी करता पाया गया, उसका ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं कमिश्नर के इस दौरे और चेतावनी के तुरंत बाद ही मिनी मार्केट-2 के दुकानदारों ने नगर निगम और सेल आईएसपी के खिलाफ हल्ला बोल दिया।

दुकानदारों का आरोप - सुविधा कुछ नहीं, धमकी पूरी : विरोध कर रहे मिनी मार्केट -2 ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, सेक्रेटरी पार्थ सारथी डे, पेट्रोंन मुरारी लाल अग्रवाल, ज्योतिष पोद्दार, प्रकाश शर्मा, एमडी समीम, अर्जुन विश्वकर्मा सहित अन्य दुकानदारों ने कहा कि नगर निगम सिर्फ चेतावनी देता है, सुविधा के नाम पर कुछ नहीं करता। उनका आरोप है कि पूरे मिनी मार्केट-2 में एक भी शौचालय नहीं है। दुकानदारों और ग्राहकों को खुले में शौच जाने को मजबूर होना पड़ता है। दुकानदारों ने दूसरा गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मिनी मार्केट को निगम ने ही कचरा डंपिंग जोन बना दिया है। सुभाषपल्ली, बस स्टैंड, बाजार, फल पट्टी और फूल पट्टी का सारा कचरा लाकर मिनी मार्केट-2 के पास फेंका जाता है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैली रहती है और गंदगी का अंबार लगा रहता है। साथ ही कहा जाता है कि कचरा आप लोग फैलाते है और हमारा ही लाइसेंस रद्द करने की धमकी दी जाती है, यह कहां का न्याय है? दुकानदारों ने मांग की कि सेल आईएसपी का जमीन है तो यहां पहले सेल आईएसपी एवं नगर निगम के द्वारा पहले यहां एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाए और बाहर के इलाकों का कचरा यहां फेंकना बंद किया जाए। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे वृहत्तर आंदोलन करेंगे।

क्या कहा नगर निगम कमिश्नर

आसनसोल नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कहा कि आसनसोल नगर निगम द्वारा ‘क्लीन आसनसोल, ग्रीन आसनसोल’ अभियान चलाया जा रहा है, इसी के तहत दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि कचरा न फैलाएं नहीं तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा और रहा शौचालय का बात तो इसको लेकर देखा जायेगा कि क्या करना है।

SCROLL FOR NEXT