आसनसोल

TMC की करारी हार पर मचा घमासान

जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के खिलाफ बगावत

अंडाल : विधानसभा चुनाव में पश्चिम बर्दवान जिले की सभी 9 सीटों पर मिली करारी शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर का ज्वालामुखी अब फट पड़ा है। पार्टी की इस 'शून्य' वाली स्थिति के लिए सीधे तौर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष व पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। तृणमूल युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व अंडाल पंचायत समिति के कौशिक मंडल ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोलते हुए जिलाध्यक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाध्यक्ष पर लगे इन संगीन आरोपों ने जिले की राजनीति में नया उबाल ला दिया है।

अहंकार और भ्रष्टाचार ने डुबोई नैया !

कौशिक मंडल ने अपने पोस्ट में व्यंग्यात्मक लहजे में नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती को "धन्यवाद" और 'शुभकामनाएं' देते हुए आरोप लगाया कि नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के अहंकार, भ्रष्टाचार, अत्याचार और कथित 'तोलाबाजी' (जबरन वसूली) के कारण जनता ने TMC को पूरी तरह नकार दिया। कौशिक मंडल ने लिखा है कि नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती ने अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी के पुराने और निष्ठावान सिपाहियों को दरकिनार कर उन्हें घर बैठने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने लिखा, "नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के गलत निर्णयों का खामियाजा आज जिले के हजारों निष्ठावान कार्यकर्ता भुगत रहे हैं। कौशिक मंडल ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को टैग कर जिले के ताजा हालातों से अवगत कराने की कोशिश की है।

सोशल मीडिया पर फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा

कौशिक मंडल का पोस्ट वायरल होते ही आम कार्यकर्ताओं ने भी कमेंट बॉक्स में अपनी भड़ास निकालनी शुरू कर दी है। एक कार्यकर्ता ने लिखा है, "वे खुद को मुख्यमंत्री समझ बैठे थे, इसी चक्कर में दल को खत्म कर दिया।" दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, "चक्रवर्ती को अब अपने नाम के आगे विधायक की जगह 'पूर्व विधायक' लिखना शुरू कर देना चाहिए।"

कार्यकर्ताओं में भय का माहौल

वायरल पोस्ट की पुष्टि करते हुए कौशिक मंडल ने सन्मार्ग से कहा कि आज जिले में TMC कार्यकर्ता भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में वह (कौशिक) कार्यकर्ताओं के पास खड़े रहकर हौसला बढ़ाने के लिए दिन-रात एक किये हुए हैं। वहीं इस वायरल पोस्ट के मुद्दे पर नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती या पार्टी आलाकमान की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।

SCROLL FOR NEXT