मुर्शिदाबाद : रानीतला थाने की पुलिस ने दो लोगों को बैन कफ सिरप फेंसिडिल के साथ बांग्लादेश में तस्करी करने से पहले गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों के नाम राहुल हुसैन प्रमाणिक और फरहाद शेख हैं। दोनों भगवानगोला थाने के जालीबगीचा इलाके के रहने वाले हैं। गिरफ्तार लोगों को शनिवार को बहरमपुर में स्पेशल ड्रग कोर्ट में पेश किया गया, जहां जज ने उन्हें सात दिनों की पुलिस रिमांड का आदेश दिया। लालबाग अनुमंडल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों बाइक से बांग्लादेश में तस्करी करने के लिए बॉर्डर की तरफ जा रहे थे। गुप्त सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और तलाशी के दौरान कुल 113 बोतल फेंसिडिल जब्त की गई। ड्रग्स के धंधे के बारे में आगे की पूछताछ के लिए उन्हें रिमांड में ले लिया गया है। रानीतला थाने की पुलिस ने बताया कि गुप्त सूत्रों से पहले जानकारी मिल गई थी कि उस रात पारसाहेबनगर पुल के रास्ते बॉर्डर की तरफ ड्रग्स की तस्करी की जाएगी। खबर के मुताबिक, शाम से ही इलाके में निगरानी शुरू कर दी गई थी। रात करीब 11:30 बजे, दो संदिग्ध बाइक पर बॉर्डर की तरफ जाते दिखे। वहीं जब उन्हें रोककर तलाशी ली गई तो उनके पास से दो बैग में 113 बोतलें फेंसिडिल बरामद हुआ।