जामुड़िया : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामुड़िया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 139 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख सईदुल एवं शेख शमसुद्दीन के रूप में हुई है। दोनों बागानधौड़ा इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद जामुड़िया थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को चारों ओर से घेर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 139 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर जामुड़िया थाना पुलिस आने वाले समय में दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर कई अन्य स्थानों पर भी दबिश दे सकती है। पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।