गिरफ्तार अभियुक्तों को अदालत ले जाती पुलिस  
आसनसोल

तृणमूल श्रमिक संगठन के दो बड़े नेता गिरफ्तार

अदालत पर पेशी के दौरान भाजपा ने लगाए 'चोर-चोर' के नारे

दुर्गापुर : कोकोवेन थाना की पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के दो रसूखदार श्रमिक नेताओं को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त नेताओं में शेख रमजान और कार्तिक रजक उर्फ पीयू शामिल हैं। वहीं गिरफ्तार तृणमूल नेताओं को भारी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। दुर्गापुर की एक जानी-मानी निजी फैक्ट्री 'ग्रेफाइट इंडिया' में लंबे समय से सक्रिय तृणमूल श्रमिक नेता के तौर पर इनकी पहचान थी। वहीं राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अभियुक्त नेताओं की परेशानी बढ़ गई थी। इन दोनों नेताओं पर इलाके में नौकरी दिलाने के नाम पर जबरन वसूली (तोलाबाजी) करने, डराने-धमकाने और स्थानीय श्रमिकों के बीच आतंक का माहौल पैदा करने सहित कई गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कोकोवेन थाना की पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस दौरान अदालत परिसर और थाने के बाहर भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुट गए थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल श्रमिक नेताओं को देखते ही जोरदार प्रदर्शन किया और 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस घटना को लेकर इलाके के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। वहीं पुलिस जबरन वसूली और डराने-धमकाने के नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है। आरोप है कि गिरफ्तार तृणमूल नेताओं ने निजी प्लांट में नियुक्ति के लिए श्रमिकों से लाखों रुपये लिए थे। अभियुक्त नेताओं के पास आलीशान मकान एवं कीमती गाड़ियां मौजूद हैं। अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

SCROLL FOR NEXT