मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद जिले में तृणमूल के पूर्व सागरदिघी ब्लॉक अध्यक्ष नूरे महबूब आलम के घर से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए हैं। घटना को लेकर सनसनी फैल गयी है। वहीं पुलिस ने हथियार रखने के आरोप में दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि, घटना के बाद से अभियुक्त पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष इलाका छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद नूरे महबूब आलम के घर की तलाशी ली गई। तृणमूल नेता के घर से एक सिंगल बैरल देसी पाइपगन, 17 राउंड गोलियां, 4 मैगजीन और एक तलवार बरामद हुई। एक महंगी चारपहिया गाड़ी भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम जियाउरुल शेख और दूसरा नाबालिग है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भूमिगत हो गया है। पुलिस ने फरार तृणमूल नेता की तलाश में ताबड़तोड़ तलाशी शुरू कर दी है। सागरदिघी पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में हथियार किस मकसद से रखे गए थे, इसकी जांच की जा रही है।