सालानपुर : पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सालानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 510 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कथित तौर पर तस्करी कर झारखंड ले जाने की कोशिश कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अवैध बाजार में करोड़ों रुपये होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, बरामद पदार्थ की वास्तविक कीमत और उसकी गुणवत्ता की आधिकारिक पुष्टि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। बताया जाता है कि सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया। कार्रवाई में रूपनारायणपुर ओपी प्रभारी सुमंगल सरकार और उनकी टीम की भी अहम भूमिका रही। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में मादक पदार्थ बंगाल से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सीमा से सटे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी।
सुबह से ही संदिग्ध वाहन की थी तलाश
गुप्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बंगाल की अंतिम सीमा के पास धनगुड़ी के काशीडांगा इलाके में निगरानी शुरू कर दी। पुलिस कर्मी संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रहे थे। दोपहर के समय एक पिकअप वैन पहुंचा। पुलिस ने वाहन की तलाशी शुरू की। वाहन के अंदर बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट दिखाई दिए। सिगरेट के पैकेटों को हटाकर वाहन के अंदर छिपे सामान की जांच की गई। इसी दौरान पुलिस को एक स्थान पर संदिग्ध पैकेट मिले। जांच करने पर उसमें कथित तौर पर करीब 510 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर मिलने के बाद पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को सालानपुर थाने लाया गया है, जहां उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।