बांकुड़ा : सोनामुखी विधानसभा के नित्यानंदपुर इलाके में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय कार्यालय में अज्ञात उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है। तनाव के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। आरोप है कि बुधवार रात तृणमूल कांग्रेस समर्थित उपद्रवियों ने कार्यालय की टिन की बाड़ को काटकर भीतर प्रवेश किया। हमलावरों ने कार्यालय के भीतर रखी कुर्सियां, माइक्रोवेव और अन्य फर्नीचर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, सोनामुखी विधानसभा से दो बार के विजयी उम्मीदवार दिवाकर घरामी के फेस्टून और बैनर भी फाड़ दिए गए। गुरुवार सुबह जब स्थानीय भाजपा नेता कार्यालय पहुंचे, तब इस घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय भाजपा नेता तापस सरकार और युवा मोर्चा नेता अक्षय सरकार ने TMC पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, "तृणमूल के लोग तथा गुंडे जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। हार की हताशा में वे शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।" नित्यानंदपुर की राजनीति में इस तरह की हिंसक संस्कृति पहले कभी नहीं थी। यदि पुलिस ने दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की और भाजपा को कानून हाथ में लेना पड़ा, तो एक नया इतिहास बन जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही सोनामुखी थाना की पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की टीम ने तुरंत मौके पर घटना की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, इन आरोपों पर जब सोनामुखी ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष दिब्येंदु सेन से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस मामले पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।