सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : जिले के चर्चित टुलू मंडल (Tulu Mondal) मामले में जांच करते हुए पुलिस ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। इस मामले में भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) उच्च अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का नाम रबीउल इस्लाम है। वह एक समय बीरभूम के डिप्टी जिला भूमि एवं भूमि सुधार अधिकारी का पद संभाल चुका है। वह इसी साल सेवानिवृत्त हुआ था। रविवार देर रात पुलिस ने उसे रामपुरहाट अनुमंडल क्षेत्र के माड़ग्राम से गिरफ्तार किया। सोमवार को उन्हें सूरी अदालत में पेश किया जाना है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पत्थर व्यापारी टुलू मंडल से जुड़े इस विवादित भूमि मामले की जांच के बाद पुलिस ने बीते 13 अक्टूबर को सिउड़ी अदालत में चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल की थी। उसमें कुल 12 लोगों के नाम शामिल थे। जांच एजेंसी मुख्य आरोपी टुलू मंडल समेत 11 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसी सूची में रबीउल इस्लाम का नाम भी शामिल था। हालांकि इतने दिनों तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका था, लेकिन रविवार रात छापेमारी कर पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब हो गयी। बता दें कि इस मामले में पहले भी भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के कई अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं। बीते 4 अक्टूबर को जिला पुलिस ने मोहम्मदबाजार ब्लॉक के तत्कालीन BLRO सब्यसाची मंडल को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे अदालत में पेश कर जेल हिरासत में भेज दिया गया। अब इसी मामले में सेवानिवृत्त डिप्टी जिला भूमि अधिकारी रबीउल इस्लाम की गिरफ्तारी ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। पत्थर व्यापारी टुलू मंडल के भूमि विवाद मामले में प्रशासनिक स्तर के कई अधिकारियों के नाम उजागर होने से यह मामला शुरुआत से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस चार्जशीट में नामजद अभियुक्तों को एक-एक कर गिरफ्तार करने के साथ-साथ जांच का दायरा भी बढ़ा रही है।