आसनसोल : आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के गोपालपुर में गुरुवार को भाजपा की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान तृणमूल के कुछ कर्मियों द्वारा वहां पर पहुंच कर भाजपा कर्मियों को खदेड़ दिया गया। घटना की खबर सुन कर भाजपा जिला नेता कृष्णा प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां के भाजपा कर्मियों से बातचीत कर जानकारी लेने के बाद पत्रकारों को बताया कि यह घटना मंत्री मलय घटक के इशारे पर कराई गई है। तृणमूल चाहे भाजपा कर्मियों को जनसंपर्क करने से रोके, उनकी पिटाई करे, उन्हें धमकी दे, उन्हें झूठे मामले में फंसा दे फिर भी भाजपा पीछे हटने वाली नहीं है। भाजपा कर्मी लोगों के घर-घर जाकर उनकी समस्या सुन उसका समाधान करने का प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि गोपालपुर में करीब 25 की संख्या में भाजपा कर्मी जनसंपर्क अभियान चला रहे थे, तभी वहां व्यापक संख्या में तृणमूल कार्यकर्ता आकर भाजपा कर्मियों को धमकाने लगे। उनका कहना था कि इस क्षेत्र में भाजपा का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि धमकी के बाद वहां से 20 भाजपा कर्मी चले गए लेकिन पांच भाजपा कर्मी डटे रहे। वहां दोबारा कृष्णा प्रसाद के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। तृणमूल को चेतावनी देते हुए कृष्णा प्रसाद ने कहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता अपना - अपना काम शांति से करें। अगर भाजपा के किसी कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया गया तो भाजपा चक्का जाम कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।