बर्नपुर : मंगलवार को बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ स्थित तृणमूल यूथ कांग्रेस कार्यालय को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। आईएसपी प्रशासन के इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं तृणमूल यूथ ऑफिस के टूटने के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। गौरतलब है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिसमें सेल आईएसपी की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर बनाये गये कार्यालय को तोड़ा जा रहा है। सेल आईएसपी द्वारा लगाये गये नोटिस के 10 दिन होते ही जगह खाली नहीं करने पर बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था।
तृणमूल नेता ने आईएसपी के खिलाफ जताया रोष
तृणमूल यूथ कांग्रेस कार्यालय ध्वस्त हो जाने के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। पश्चिम बर्दवान तृणमूल कांग्रेस यूथ के महासचिव अभिक गोस्वामी ने कहा कि सेल आईएसपी को जहां से कुछ लेना-देना नहीं है, वहां 10/10 का बना छोटा-सा कार्यालय तोड़ा गया, जहां बच्चों को कभी चित्राकंन प्रतियोगता या शरबत वितरण कार्यक्रम किया जाता था। सेल आईएसपी पर आरोप लगाते हुये कहा कि जहां सेल का नुकसान हो रहा, वहां ध्यान न देकर एक छोटा-सा कार्यालय तोड़ा गया। सेल आईएसपी के कुछ कर्मचारी कुछ लोगों से मिलकर क्वार्टर भाड़ा पर दे रहे जहां टोटो रिचार्ज हो रहा, इलेक्ट्रिक चोरी हो रही। इस पर ध्यान नहीं है। पहले अपने आदमी को ठीक करें, इसके बाद कोई भी कार्रवाई करें। वहीं भाजपा ने कहा कि सेल आईएसपी की जमीन पर तृणमूल कांग्रेस ने अवैध कब्जा कर कार्यालय बनाया था, जिसे आईएसपी प्रशासन ने तोड़ दिया। तृणमूल कांग्रेस का राज्य से खात्मा हो गया है।