दुर्गापुर : दुर्गापुर 23 नंबर वार्ड के नवीन पल्ली इलाके में बुधवार रात से ही राजनीतिक तनाव और हिंसा का माहौल बना हुआ है। भाजपा की एक नेत्री से कथित मारपीट के बाद जवाबी कार्रवाई में एक तृणमूल कार्यकर्ता के घर और बाइक पर हमला किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। इस दौरान दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
भाजपा की बूथ कर्मी पर हमला करने का आरोप
भाजपा की बूथ कर्मी झुमा बाउड़ी को बुधवार रात कथित तौर पर उठाकर ले जाया गया और मारपीट की गई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल झुमा बाउड़ी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के तुरंत बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर एक तृणमूल कार्यकर्ता के घर और बाइक पर हमला कर दिया। वहीं गुरुवार को दोनों पक्षों के सदस्य न्यू टाउनशिप थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इस दौरान थाने के बाहर भी दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जिससे तनाव और बढ़ गया।
कैसे शुरू हुई अशांति
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार रात यह अशांति एक "पड़ोस के विवाद" से शुरू हुई। इसने धीरे-धीरे गंभीर रूप से राजनीतिक रंग ले लिया। आरोप है कि पहले भाजपा नेत्री पर हमला किया गया जिसके बाद बदले में एक तृणमूल कार्यकर्ता के घर पर हमला किया गया। इस कारण विवाद काफी बढ़ गया। इस पूरी घटना पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। दुर्गापुर नगर निगम के पूर्व पार्षद देवब्रत साईं ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पड़ोस के एक सामान्य विवाद को भाजपा अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रही है। उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई करने को कहा है। दुर्गापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के पास कोई काम नहीं है। इस कारण मामूली विवाद को भी राजनीतिक रंग देने में लगे हुए हैं। वहीं भाजपा 3 नंबर मंडल के अध्यक्ष बुद्धदेव मंडल ने तृणमूल कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में अपनी हार सुनिश्चित देख तृणमूल जान-बुझकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है। हमारे कार्यकर्ताओं को उकसा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। हालांकि इस घटना ने दुर्गापुर में आगामी राजनीतिक गतिविधियों से पहले ही तनाव का माहौल बना दिया है। इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।