आसनसोल

तृणमूल ने दिखायी लोक्खी एलो घोरे फिल्म

भाजपा ने लक्खी भंडार पर किया कटाक्ष

बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के वार्ड 80 स्थित शांतिनगर नेताजी रोड स्थित एक क्लब में लोक्खी एलो घोरे पर एक फिल्म दिखायी गयी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने अपने कल्याणकारी अभियान को बढ़ावा देने के लिए सिनेमा का सहारा लिया है। बता दें कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रमुख योजनाओं को सामाजिक समानता लाने वाली और आम लोगों के जीवन को बदलने में सक्षम योजनाओं के रूप में प्रस्तुत करते हुए 55 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री सिनेमा जनता को दिखाया जा रहा है। मौके पर पार्षद राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि लोक्खी एलो घोरे फिल्म में लक्खी भंडार, रूपश्री, विधवा भत्ता सहित सभी प्रकल्पों को दिखाया जा रहा है और महिलाओं को फिल्म के माध्यम से बताया जा रहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा 15 वर्षों में क्या-क्या कार्य किये गये हैं। लोक्खी एलो घोरे नामक यह फिल्म दर्शाती है कि कैसे ये कार्यक्रम जीवन को बदलते हैं, विशेष रूप से ग्रामीण बंगाल की महिलाओं के लिए यह फिल्म महत्वपूर्ण है। इस मौके पर आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष डॉ. देवाशीष सरकार, निकीता राउत, संतोष ठाकुर, अनिर्बान चक्रवर्ती, मौमिता मोदक, रश्मि खान, सीमा भट्टाचार्य संगीता देवी, उर्मिला चौधरी, रानी चटर्ची सहित अन्य लोग मौजूद थे।

भाजपा ने लक्खी भंडार पर किया कटाक्ष

भाजपा राज्य कार्यकारी सदस्य एवं भाजपा नेता पवन सिंह ने कहा कि तृणमूल का लक्खी भंडार एवं युवा साथी प्रकल्प एक चुनावी स्टैंड है जो जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जितने भी राज्य हैं, वहां हर राज्य में प्रकल्प के माध्यम से 3 से 3.5 हजार रुपये दिया जा रहे हैं। अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी तो भाजपा प्रकल्प के तहत हर महिला को 3000 रुपये दिये जायेंगे। साथ ही बांग्लार युवा साथी प्रकल्प पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह प्रकल्प सिर्फ 5 वर्ष के लिए है जो 1 अप्रेल से शुरू होगा। वहीं भाजपा की सरकार बनने से युवाओं के लिए रोजगार एवं बेहतर से बेहतर सुविधा लायी जायेगी। उन्हें बेरोजगार भत्ता की लाइन में खड़ा नहीं किया जायेगा।

SCROLL FOR NEXT