आसनसोल

नगर निगम के चुनाव में तृणमूल को सता रहा हार का डर- माकपा

विकास रंजन भट्टाचार्य ने सरकार पर साधा निशाना

दुर्गापुर : दुर्गापुर सिटी सेंटर स्थित सृजनी सभागार में ऑल इंडिया लॉयर्स वेस्ट बंगाल स्टेट काउंसिल कमेटी की ओर से सेमिनार का आयोजन किया गया था। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता सह माकपा नेता विकास रंजन भट्टाचार्य ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल में रेप की घटनाओं को मामूली घटना बताया जाता है। राज्य सरकार की ओर से रेप की घटना के बाद उम्र के अनुसार मुआवजा दिया जाता है। रेप पीड़ितों के लिए रेट कार्ड निर्धारित किया गया है। पश्चिम बंगाल में अस्पताल और कॉलेज में रेप की घटना आम बात हो गई है। वहीं रेप की घटना से तृणमूल कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं से दुष्कर्म का एक अनोखा कल्चर शुरू हुआ है। दुष्कर्म के खिलाफ आंदोलन के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आगे आकर सफाई देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने हेतु शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। दुर्गापुर नगर निगम का चुनाव लंबे समय से नहीं कराया गया है। दुर्गापुर स्थित महिला को-ऑपरेटिव बैंक के चुनाव में तृणमूल कर्मियों को जीत के लिए गुंडागर्दी करनी पड़ी थी। इस कारण नगर निगम के चुनाव में तृणमूल को हार का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी आरएसएस एवं भाजपा की समर्थक है। पश्चिम बंगाल में उद्योग लगभग समाप्त हो गया है। दुर्गापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर विकास रंजन भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल का सर्वनाश चाहती है। विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री समेत बाहरी भाजपा नेताओं का आना-जाना लगा रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं तृणमूल में विशेष कोई अंतर नहीं है।

SCROLL FOR NEXT