आसनसोल

तृणमूल पार्षद ऑफिस सार्वजनिक सेवा समिति में बदला

लोगों में चर्चा का बना विषय

बर्नपुर : वार्ड 80 के तृणमूल पार्षद का ऑफिस अब सार्वजनिक सेवा समिति में बदल गया है, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। गौरतलब है कि सेल आईएसपी (SAIL-ISP) द्वारा तृणमूल पार्षद कार्यालय पर एक नोटिस चिपका दिया गया है, जिसमें 8 जून तक इसे खाली करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा पार्टी ऑफिस को तोड़ दिया जाएगा। इस बीच देखा जा रहा है कि स्थानीय लोगों द्वारा पार्षद ऑफिस को रंग-रोगन कर उसे 'सार्वजनिक सेवा समिति' बना दिया गया है।

स्थानीय लोगों का क्या कहना है

स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पार्षद ऑफिस नहीं, बल्कि सार्वजनिक सेवा समिति है। जब राकेश कुमार शर्मा पार्षद बने थे, तब उन्हें यहां 2 घंटे बैठने के लिए जगह दी गई थी, लेकिन धीरे-धीरे यहां तृणमूल का बैनर लगा दिया गया। 4 मई को सत्ता परिवर्तन होते ही उसी दिन बैनर हटा दिया गया था। इस सार्वजनिक सेवा समिति में कई तरह के धार्मिक कार्य और गरीबों के पारिवारिक अनुष्ठान संपन्न होते हैं।

क्या कहा पार्षद

पार्षद राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक सेवा समिति वर्ष 1973 से बनी हुई है। पहले यह कच्ची थी, लेकिन बाद में मंदिर के सदस्यों द्वारा इसे पक्का कर दिया गया। यहां जरूरतमंदों को मांगलिक व सामाजिक अनुष्ठान के लिए जगह दी जाती है, जिसमें वे लोग अपना कार्यक्रम करते हैं। वे खुद यहां सिर्फ दो घंटे के लिए आकर बैठते थे और जब वे पार्षद नहीं थे, तब भी यहां आकर बैठा करते थे।

बुलडोजर चलाकर पार्टी ऑफिसों को तोड़ा गया

सेल आईएसपी (SAIL-ISP) ने बुलडोजर चलाकर तृणमूल कांग्रेस के तीन पार्टी ऑफिसों को ध्वस्त कर दिया। गौरतलब है कि आईएसपी प्रबंधन द्वारा कंपनी की परिसंपत्तियों एवं भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार सुबह वार्ड 95 के मां मनसा मंदिर के पास स्थित पार्षद संध्या दास के पार्टी ऑफिस को तोड़ा गया। वहीं, वार्ड 81 की पार्षद सोना गुप्ता के पार्टी ऑफिस और वार्ड 80 के पूर्व पार्षद बिनोद यादव के शांतिनगर स्थित पार्टी ऑफिस पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई के संबंध में किसी भी पार्षद ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

SCROLL FOR NEXT