आसनसोल : आसनसोल राहा लेन स्थित पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी पार्टी की तरफ से एक बैठक की गई। गौरतलब है कि 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम को सामने रखते हुए आयोजित इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव एवं श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी मौजूद थे। बैठक में 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होने वाली शहीद दिवस रैली में पश्चिम बर्दवान जिला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को और मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के संबंध में भी कल्याण बनर्जी सहित अन्य नेताओं ने दिशा-निर्देश दिए। मौके पर कल्याण बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस समय पुलिस राज चल रहा है। उनके अनुसार, राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मामले दर्ज करना, पार्टी कार्यालयों में हस्तक्षेप करना और राजनीतिक कार्यक्रमों में बाधा पहुंचाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। कल्याण बनर्जी ने तृणमूल छोड़कर ऋतब्रत बनर्जी के गुट में शामिल हुए नेताओं और जनप्रतिनिधियों की भी कड़ी आलोचना करते हुये गद्दार कहा। उनका कहना था कि ऐसे नेताओं को जनता ने स्वीकार नहीं किया है और भविष्य में भी नहीं करेगी। इस मौके पर सांसद कीर्ति आजाद, पूर्व मंत्री मलय घटक, वी शिवदासन दासू, पूर्व विधायक हरेराम सिंह, तापस बंद्योपाध्याय, कालोवरुण मंडल, राजेश तिवारी, रूपेश यादव सहित कई तृणमूल नेता मौजूद थे।