आसनसोल

तृणमूल समर्थक अधिकारी सरकार को कर रहें बदनाम : विधायक

हॉकरों ने एकजुट होकर सड़क पर उतरकर जताया विरोध

आसनसोल : आसनसोल मुख्य सड़क के किनारे गिरजा मोड़ से लेकर उषाग्राम मोड़ तक अतिक्रमण हटाये जाने की घोषणा निगम प्रशासन द्वारा किया गया है। इस घोषणा के तहत ही शुक्रवार को राहा लेन व आसपास के इलाके में चलाये गये अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद एक नया मोड़ आ गया है। निगम के इस बुलडोजर अभियान के विरोध में शनिवार को आसनसोल हॉकर कमेटी के बैनर तले सैकड़ों हॉकर सड़क पर उतर कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने दुर्गापूजा से पहले की गई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। वे एकजुट होकर सड़क पर उतर आये। उनकी मांग थी कि उन्हें पुनर्वास दिया जाये। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में हॉकरों की भीड़ जुटने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ को देखते ही आसनसोल साउथ थाना एवं आसनसोल साउथ ट्रैफिक की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संभालने की कोशिश की। इसी बीच प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे हॉकरों को शांत कराने का प्रयास किया और उनसे आंदोलन समाप्त करने की अपील की।

क्या कहा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने

इस अभियान को आसनसोल नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाया जायेगा पर उसका तरीका अलग होगा। पहले समय दिया जायेगा और उसके बाद कार्रवाई होगी पर बिना समय दिये कार्रवाई उचित नहीं हुआ है। शुक्रवार को जिस प्रकार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, उसका वह विधायक के रूप में और राज्य सरकार की ओर से भी समर्थन नहीं करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आसनसोल नगर निगम के कुछ अधिकारी और इंजीनियर तृणमूल कांग्रेस के प्रभाव में आकर जानबूझकर शहर में अशांति फैलाने के उद्देश्य से ऐसा कर रहे हैं और भाजपा सरकार को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को चिन्हित कर सजा दिलाने का कार्य किया जायेगा। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा दुर्गापूजा तक हॉकरों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई नहीं करने की समय सीमा तय की गई है और उसी के अनुरूप आगे कार्रवाई होगी। उन्होंने हॉकरों से आसनसोल को अतिक्रमण मुक्त और सुंदर बनाने के अभियान में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सभी को सरकारी नियमों और प्रशासनिक आदेशों का पालन करना चाहिए।

SCROLL FOR NEXT