आसनसोल

आरके मिशन डिस्पेंसरी में अब अत्याधुनिक मशीनों से होगा इलाज

रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल ने उपलब्ध करायीं मशीनें व उपकरण

आसनसोल : शहर के विवेकानंद सरणी स्थित आरके मिशन आश्रम की डिस्पेंसरी में सोमवार की सुबह रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल की ओर से 28 लाख रुपये की लागत से चिकित्सा सेवा से जुड़ी तीन अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनें व उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम का क्लब के डिस्ट्रिक्ट गर्वनर कामेश्वर सिंह एलांग और आरके मिशन के सचिव स्वामी सौमात्मानंदजी महाराज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर उद्घाटन किया। रोटरी क्लब के डिस्ट्रिक्ट 3240 के गर्वनर कामेश्वर सिंह एलांग ने कहा कि आरके मिशन आश्रम जरूरतमंदों के लिए बेहतर काम करता है। उन्हीं लोगों के बेहतर इलाज के लिए क्लब के ग्लोबल ग्रांड की ओर से अत्याधुनिक तीन मशीन और कई उपकरण दिये गये। इन मशीनों से इलाज करने में चिकित्सकों को काफी मदद होगी। वहीं इलाजरत व्यक्ति भी सफल इलाज करवा कर संतुष्ट होंगे। अत्याधुनिक तकनीक मशीनों के कारण रोगी की बीमारी का जल्द पता लगा कर उसका इलाज किया जा सकेंगा। क्लब के पूर्व अध्यक्ष मंदीप सिंह लाली ने कहा कि आरके मिशन हमेशा जन सेवामूलक कार्य करता है, इसी कारण क्लब के ग्लोबल ग्रांड की ओर से 28 लाख रुपये की लागत से तीन अत्याधुनिक मशीनें दी गयीं। आरके मिशन के सचिव स्वामी सौमात्मानंदजी महाराज ने रोटरी क्लब की प्रशंसा की। मौके पर रोटरी क्लब ऑफ आसनसोल के अध्यक्ष विकास दास, ग्लोबल ग्रांड प्रोजेक्ट के चेयरमैन सात्विक लाल, अनिर्वान दां, संदीप सांमत, स्वपन चौधरी, दिलीप तोदी, अभिषेक डोकानिया, राज बाधवा, आरके मिशन स्कूल के प्रधानाध्यापक स्वामी भारुपानंदजी महाराज सहित व्यापक संख्या में लोग उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT