सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : भारतीय जनता युवा मोर्चा आसनसोल सांगठनिक जिला की तरफ से आसनसोल रवींद्र भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि भाजपा कार्यकर्ता को डिजिटल लर्निंग वर्कशॉप के माध्यम से प्रशिक्षित करने के लिए एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया गया है, जिसमें वीडियो, कई तरह के प्रश्नन और भाजपा के इतिहास को बताया जा रहा है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 भारतीय जनता पार्टी का एक राष्ट्रव्यापी सांगठनिक और वैचारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों से अवगत कराना तथा आधुनिक तकनीक के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त कर संगठन को मजबूत बनाना है। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री अपूर्व हाजरा, काकुली घोष, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री कुंदन शाह, प्रदेश सचिव मुकुंद झा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिक मंडल, जिला महामंत्री अभिराज शर्मा, सोनू यादव, बीजेवाईएम जिला उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी सहित कन्वेनर, को-कन्वेनर, युवा मोर्चा की पूरी मंडल कमेटी टीम सहित जिला कार्यकारी कमेटी सदस्य मौजूद थे।