आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के यातायात विभाग ने वाहनों की गति पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड एवं हीरापुर ट्रैफिक गार्ड की तरफ से स्पीडोमीटर लगाकर तेज वाहन चलाने वालों को पकड़ा जा रहा है। इसी क्रम में साउथ ट्रैफिक गार्ड एवं हीरापुर ट्रैफिक गार्ड ने कुल 34 वाहनों को पकड़ कर फाइन काटा है। बता दें कि स्पीडोमीटर एक ऐसा उपकरण है जो वाहन की वर्तमान गति को मापता है और बताता है कि वाहन की गति किलोमीटर प्रति घंटा कितनी है।
वाहन की गति पर लगाया गया लगाम
आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड के ओसी संजय मंडल ने बताया कि आसनसोल के उषाग्राम से लेकर काली पहाड़ी मोड़ तक स्पीडोमीटर लगाकर वाहन की गति की जांच करायी जा रहा था। जांच के दौरान देखा गया कि जिस वाहन की गति 45 से ऊपर थी, उसे पकड़ा गया और करीब 30 वाहनों को पकड़ कर 1000 रुपये कर फाइन लगाया गया। वहीं हीरापुर ट्रैफिक गार्ड के ओसी प्रंशात कुमार माजी ने बताया कि चित्रा पेट्रोल पंप और व्हीकल गेट के पास स्पीडोमीटर से वाहन की गति को मापा जा रहा था और जिस वाहन की गति 45-60 के बीच थी, उसे पकड़ा गया और 4 वाहनों को पकड़ कर फाइन किया गया।