सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल: शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए आसनसोल साउथ ट्रैफिक पुलिस ने आज सख्त रुख अपनाया। अवैध पार्किंग के खिलाफ हटन रोड से उषा ग्राम तक जीटी रोड के दोनों तरफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी बाइक, कार और टोटो को हटाया गया। कई वाहनों का चालान भी काटा गया, वहीं कुछ वाहन मालिकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। आसनसोल साउथ ट्रैफिक प्रभारी चिरंजीव गुहा राॅय ने बताया कि हटन रोड से उषा ग्राम तक मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम लोगों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। साथ ही पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, अन्यथा आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं आसनसोल में जितने भी पेट्रोल पंप है उनको भी निर्देश दिया गया कि बिना हेलमेट किसी को भी पेट्रोल न दे अगर कोई पेट्रोल पंप बिना हेलमेट फ्यूल देते हुए पाया गया तो उसकर कार्रवाई होगी।इस मौके पर ट्रैफिक पुलिस एवं सिविक वॉलेंटियर मौजूद थे।