रानीगंज : रानीगंज के पंजाबी मोड़ और आसपास के प्रमुख इलाकों में लगातार बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर रोक लगाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाया है। शहरवासियों को राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से रानीगंज ट्रैफिक गार्ड ने गुरुवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। ट्रैफिक प्रभारी सतिनाथ सिल की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और गाड़ियों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर शिकंजा कसा गया। इतना ही नहीं, ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों ने पंजाबी मोड़ बस स्टैंड पर बसों को रोककर ध्वनि मापक यंत्र के जरिए उनके हॉर्न की जांच की। अभियान का मुख्य केंद्र मिनी बसों और लंबी दूरी की बड़ी बसों में धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहे अवैध प्रेशर हॉर्न रहे। जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही बसों से अवैध हॉर्न उतरवाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों के चालान काटे। हाल ही में पंजाबी मोड़ क्षेत्र में प्रेशर हॉर्न से फैलते बेकाबू ध्वनि प्रदूषण को लेकर शिकायत की गई थी। इस मामले पर संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक गार्ड ने अभियान शुरू किया।