झाड़ग्राम में हड़ताल पर गए टोटो चालकों ने निकाला जुलूस 
आसनसोल

रजिस्ट्रेशन के विरोध में झाड़ग्राम में टोटो चालकों ने की हड़ताल

सोमवार को टोटो चालकों ने हड़ताल किया

झाड़ग्राम : राज्य सरकार द्वारा टोटो के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य करने के विरोध में झाड़ग्राम जिले में सोमवार को टोटो चालकों ने हड़ताल किया। इस हड़ताल का आह्वान भारतीय मजदूर संघ की ओर से किया गया। जिसमें काफी संख्या में टोटो चालक शामिल हुए। हड़ताल के दौरान जरूरी परिसेवा को छूट दिया गया। हड़ताल में शामिल बीएमएस समर्थक टोटो चालको ने सांगठनिक ध्वज के साथ जुलूस भी निकाला और राज्य़ सरकार से टोटो रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग उठायी। बीएमएस के नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में टोटो के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया है, लेकिन झाड़ग्राम जिले में गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन कराने के लिए टोटो चालकों को काफी हैरानी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरटीओ कार्यालय के अधिकारी रजिस्ट्रेशन के लिए टोटो चालकों से विभिन्न दस्तावेज और कागजात देने की मांग करते हैं। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन के लिए टोटो चालकों से हजारों रुपये भी वसूल किया जा रहा है। यहां तक कि जिन लोगों ने पुरानी टोटो को खरीदा है। ऐसे टोटो का रजिस्ट्रेशन करने से भी आरटीओ विभाग के अधिकारी साफ इंकार कर दे रहे हैं। जिससे गरीब टोटो चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीएमएस नेताओं का यह भी कहना है कि गरीब लोग ही टोटो चलाकर अपनी रोजी रोटी चलाते हैं, लेकिन राज्य सरकार ने टोटो रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को काफी जटिल कर दिया है। इसलिए वह लोग टोटो रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग उठा रहे हैं। संगठन की मांगों को स्वीकार नहीं करने पर बीएमएस समर्थक टोटो चालकों ने लगातार हड़ताल करने की चेतावनी भी दी है।

SCROLL FOR NEXT