सनज गराई को सम्मानित करते समर्थक  
आसनसोल

बांकुड़ा में TMC के हाथ से निकली एक और पंचायत

उप-प्रधान ने गंगाजल छिड़ककर पंचायत भवन में किया प्रवेश

बांकुड़ा : बांकुड़ा-1 ब्लॉक अंतर्गत बिकना ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा है। पहले उप-प्रधान और फिर प्रधान के इस्तीफे के बाद अब इस ग्राम पंचायत पर भाजपा ने अपना कब्जा जमा लिया है। उल्लेखनीय है कि 19 सीटों वाली बिकना ग्राम पंचायत में TMC के पास 10, भाजपा के पास 7 और माकपा के पास 2 सीटें थीं। बहुमत के आंकड़े के आधार पर TMC ने पंचायत बोर्ड का गठन किया था। लेकिन गत 12 जुलाई को उप-प्रधान अनंत कुमार सिंह और 23 जुलाई को प्रधान प्रतिमा कापड़ी ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। प्रधान और उपप्रधान के इस्तीफे के बाद उत्पन्न गतिरोध को दूर करने के लिए शुक्रवार को बिकना ग्राम पंचायत के नए उप-प्रधान के चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई। जिसमें TMC और माकपा का कोई भी निर्वाचित सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। केवल भाजपा के 7 सदस्य ही मौजूद रहे, जिसके आधार पर बहुमत से भाजपा के सनज गराई को नया उप-प्रधान चुन लिया गया। उप-प्रधान चुने जाने के बाद सनज गराई ने बिकना ग्राम पंचायत कार्यालय में गंगाजल छिड़ककर प्रवेश किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा, "जनता का विकास और रोजगार ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक नए प्रधान का चुनाव नहीं हो जाता, तब तक वे ही पंचायत के कार्यों का संचालन करेंगे। वहीं, भाजपा के ओंदा-4 मंडल अध्यक्ष नित्यानंद प्रतिहार ने कहा, "डबल इंजन सरकार जनता के हित में काम कर रही है और यहां भी वही विकास कार्य किए जाएंगे। अब हमारा पूरा ध्यान आम लोगों के विकास पर केंद्रित रहेगा।"

SCROLL FOR NEXT