सांकतोड़िया : ईसीएल मुख्यालय सांकतोड़िया के सम्मेलन कक्ष में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। ईसीएल के इतिहास में एक और भावुक अध्याय जुड़ गया, जब कंपनी के तीन वरिष्ठ तथा चर्चित अधिकारियों को उनकी सेवानिवृति पर भव्य सम्मान के साथ विदाई दी गई। ईसीएल और बीसीसीएल में निदेशक (संचालन, योजना एवं परियोजना) के रूप में निलाद्री राय ने कंपनी की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं, विस्तार योजनाओं और रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। विदाई समारोह के दौरान सीएमडी सतीश झा ने निलाद्री राय को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सीएमडी सतीश झा ने अपने संबोधन में कहा कि निलाद्री राय का योगदान ईसीएल के विकास के इतिहास में याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्रशासनिक क्षमता, तकनीकी समझ और समर्पण ने कंपनी को नई ऊर्जा दी है। इस दौरान निलाद्री राय भावुक हो गये और कहा कि ईसीएल परिवार हमेशा याद रहेगा। उन्होंने कहा कि ईसीएल में बिताया गया समय उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय रहेगा। वहीं महाप्रबंधक (सेल्स एंड मार्केटिंग) प्रदीप कुमार मिश्रा और चीफ मैनेजर (माइनिंग) सुदीप घटक को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देते हुए ईसीएल की उत्पादन क्षमता, विपणन रणनीति और ऑपरेशनल दक्षता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कठिन परिस्थितियों में भी उनके फैसलों और कार्यशैली ने कंपनी को स्थिरता और विकास की राह पर आगे बढ़ाया। सीएमडी सतीश झा ने कहा कि इन अधिकारियों की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और दूरदर्शिता ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। इस मौके पर निदेशक मानव संसाधन गुंजन कुमार सिन्हा, तकनीकी निदेशक योजना परियोजना गिरीश गोपीनाथन नायर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।