जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता
चित्तरंजन : साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते थे और एटीएम कार्ड बंद होने का भय दिखाकर उनकी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारियां हासिल कर खातों से रुपये उड़ाते थे। पुलिस ने उनके के पास से पांच मोबाइल और सात सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस के अनुसार, जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को साइबर ठगी में संलिप्त कुछ युवकों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए साइबर अपराध थाना की विशेष टीम गठित की गई। साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम तिलियाडीह के उत्तर भागवान के पास से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
डिजिटल ठगी के उपकरण जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के पास से जब्त किए गए मोबाइल और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है, ताकि ठगी में इस्तेमाल किए गए संपर्क नंबरों, संभावित पीड़ितों और लेन-देन के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
साइबर थाना में दर्ज हुआ मामला
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 78/26, दिनांक 29 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में साइबर डीएसपी अमित कुमार के अलावा थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।