दुर्गापुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने आज जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। अपने चिर-परिचित अंदाज में मिथुन चक्रवर्ती ने भाषण की शुरुआत मजाकिया लहजे में करते हुए कहा कि चश्मा पहन के अच्छा लग रहा है या नहीं। वे भाषण देने नहीं आये हैं, एक्टर आदमी हैं, ज्यादा बोलना नहीं आता। हालांकि, इसके तुरंत बाद उन्होंने अपनी बात को गंभीरता से रखा। उन्होंने इस चुनाव को 'अंतिम लड़ाई' करार देते हुए कहा कि इस बार की लड़ाई अंतिम लड़ाई है, ये सोच कर मैदान में उतरना होगा। जान देकर हमें लड़ना होगा। मिथुन चक्रवर्ती ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा को हर हाल में यह चुनाव जीतना होगा। उन्होंने तृणमूल पर भ्रष्टाचार और महिलाओं के सम्मान की कमी जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस से निष्पक्षता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा हारने वाली नहीं है, पुलिस को थोड़ा निष्पक्ष होना होगा। इसके बाद देखिए कि भाजपा क्या कर सकती है। उन्होंने दोहराया कि अगर पुलिस निष्पक्ष हो जाए तो भाजपा की ताकत का सही अंदाजा लगेगा। अपने निजी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन में कभी भी 'कम्प्रोमाइज' नहीं किया है। उन्होंने आगे कहा कि उनमें भी ताकत है, लेकिन वे बेवजह की जोर आजमाइश नहीं करते। अंत में, उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे खुद लड़ाई के लिए मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सीना तानकर उतरेंगे, लेकिन पीछे से वार मत करना। सामने से वार करना।
मिथुन चक्रवर्ती का पूछा हालचाल, पैर छूने से किया मना
भाजपा द्वारा आयोजित जनसभा में विभिन्न नेता व मंत्रियों के साथ प्रसिद्ध सिने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी मंच पर विशेष रूप से उपस्थित थे। इस दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से हुई। प्रधानमंत्री ने जाने से पहले कुछ मिनट मंच पर रुककर उनका हालचाल जाना। प्रधानमंत्री को उनके साथ बड़ी ही आत्मीयता के साथ बातचीत करते देखा गया। इस दौरान जब प्रधानमंत्री जाने लगे तो मिथुन चक्रवर्ती प्रधानमंत्री का पैर छूकर प्रणाम करने के लिए जैसे ही झुके, प्रधानमंत्री ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।