विधायक कार्यालय का उद्घाटन करते विधायक जितेंद्र तिवारी  
आसनसोल

जनता का दरबार है यह कार्यालय : जितेंद्र तिवारी

जनसैलाब के बीच खुला विधायक कार्यालय

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी ने बुधवार शाम हरिपुर में विधायक कार्यालय का भव्य उद्घाटन कर उसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया। इस उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक मौजूद रहे, जिससे पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। समारोह में उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "वर्ष 2016 से 2021 के कार्यकाल के दौरान जब मैं यहां का विधायक था, तब मैंने जनता-जनार्दन की सुविधा के लिए इस कार्यालय का निर्माण कराया था। लेकिन 2021 के चुनाव के बाद तृणमूल के नेताओं और कर्मियों ने बलपूर्वक इस जन-कार्यालय को अपनी पार्टी के दफ्तर में तब्दील कर दिया था।" विधायक ने आगे कहा कि इस बार पांडवेश्वर की जागरूक जनता ने तृणमूल के अत्याचार, डर और गुंडागर्दी का करारा जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्यालय किसी दल का नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से आम जनता की सेवा और उनके रुके हुए कार्यों को पूरा करने के लिए है।

हरिपुर और सरपी कार्यालय में नियमित बैठेंगे विधायक

क्षेत्र के विकास और जन-समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए विधायक ने अपनी कार्ययोजना भी साझा की। उन्होंने घोषणा की कि वह हरिपुर और सरपी दोनों ही कार्यालयों में नियमित रूप से बैठेंगे। क्षेत्रवासी बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिल सकते हैं, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं उद्घाटन समारोह के अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष बेणुधर मंडल, सबिता बागदी, संजय यादव, उमेश मिश्रा, रविंद्र यादव, बंदन घोष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग और मातृशक्ति उपस्थित रहीं। सभी ने विधायक को बधाई दी और क्षेत्र के विकास में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।

SCROLL FOR NEXT