चोरी का दृश्य सीसीटीवी में कैद 
आसनसोल

एक ही रात में चार दुकानों में चोरी से लोगों में दहशत

शराब की दो दुकानें, एक स्टेशनरी व एक फल की दुकान में हुई चोरी

Vijay Shankar

बर्दवान : बुधवार देर रात मेमारी स्टेशन रोड में चार दुकानों में चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पता चला है कि बुधवार देर रात शराब की दो दुकानों, एक स्टेशनरी और एक फल की दुकान में चोरी हुई। चोरी की घटना CCTV कैमरे में कैद हो चुकी है। स्टेशन रोड पर शराब की दुकान के मालिक किशोर साधुखान ने बताया कि रात करीब 2 बजे बदमाशों ने दुकान का पिछला दरवाजा तोड़ा और दुकान के कैश बॉक्स में रखे करीब लाखों रुपये और शराब की दो बोतलें लेकर भाग गए। दूसरी शराब की दुकान के मैनेजर सौम्यनील बसु ने बताया कि बदमाशों ने शराब की दुकान का ताला तोड़ा और करीब 3 लाख रुपये समेत शराब की कई बोतलें लेकर भाग गए। शराब की दुकान के बगल में स्टेशनरी की दुकान के मालिक समीर मंडल ने बताया कि बदमाशों ने उनकी दुकान का शटर तोड़ा और दुकान से करीब 30 हजार रुपये कैश और कुछ और सामान ले गए। दूसरी तरफ, स्टेशन रोड पर एक फल की दुकान के मालिक शंभू साव ने बताया कि बदमाश उनकी दुकान से किशमिश और खजूर का जार ले गए। बाद में सुबह उन्हें पास के तालाब के पार से किशमिश का जार मिला। स्थानीय लोगों का अंदाजा है कि चोरों के गैंग ने कई दुकानों से चोरी करने के बाद फल की दुकान से किशमिश और खजूर की चोरी की होगी। वहीं शहर के बीचों-बीच स्टेशन से सटे इलाके में दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद व्यापारियों ने रात में शहर में पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। CCTV फुटेज की जांच के अलावा, मेमारी पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT